खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया, जिसमें न ताले को क्षति पहुंची और न किसी सामग्री से छेड़छाड़ हुई
खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में हुआ था, उसके बाद की नई सामग्री का सत्यापन बाकी
मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल एवं ऑनलाइन सुविधाएं शुरू की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए क्यूआर कोड और बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था की गई है। राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद व बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध है। चढ़ोतरी और दान को भी डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ा गया है। मंदिर के भुगतान पहले ही ऑनलाइन किए जा चुके हैं। अब आय-व्यय और अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। नियमित दान राशि के सत्यापन, प्रविष्टि और रिकॉर्ड संधारण को भी डिजिटल प्रणाली से व्यवस्थित किया जाएगा।
बड़ी में स्थित श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने, बिना निर्धारित प्रक्रिया के खजाना खोले जाने या किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी समाचार पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और वास्तविकता से परे बताए गए हैं। जिला प्रशासन ने इन समाचारों का स्पष्ट खंडन किया है। खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया। इस दौरान न तो ताले को कोई क्षति पहुंचाई गई और न ही उसके साथ कोई अनधिकृत हस्तक्षेप हुआ। ताला पूर्ववत सुरक्षित है और खजाने में रखी किसी भी सामग्री से छेड़छाड़ नहीं की गई है। खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में हुआ था। वर्ष 2017 तक की सामग्री निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। वर्ष 2017 के बाद श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित नई सामग्री का अलग रिकॉर्ड तैयार करना, उसका सत्यापन और पंजीयन आवश्यक था। इसी उद्देश्य से नई सामग्री का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर अद्यतन विवरण तैयार करने की नियमित प्रक्रिया शुरू की गई है।
