मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने की पहल कर रही है। यह बात संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने तारादेही में आयोजित जन विश्वास शिविर में आमजन को संबोधित करते हुए कही। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ग्रामीणों को जिला मुख्यालय दमोह के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की गई। राज्यमंत्री ने बताया कि वन भूमि और राजस्व भूमि से जुड़े विवाद इस क्षेत्र की प्रमुख समस्या हैं। कई मामलों में राजस्व विभाग और वन विभाग के रिकॉर्ड में भूमि की स्थिति अलग-अलग दिखती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर एवं डीएफओ को आपसी समन्वय से बैठकर प्रकरणों का निराकरण करने की आवश्यकता बताई गई। लोधी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन को योजनाओं की पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी स्पष्ट रूप से दें। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए निर्धारित 80 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र आवश्यक है। ऐसे मामलों में पात्रता की जानकारी पहले ही समझाई जानी चाहिए। इस अवसर पर शिविर में लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों के साथ प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। यह वितरण राज्यमंत्री एवं अतिथियों के द्वारा किया गया। राज्यमंत्री ने बताया कि झापन नाला जलाशय का प्रस्ताव कैबिनेट से स्वीकृत हो चुका है। जलाशय बनने से लगभग 20 से 25 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेतों तक पानी पहुंच सकेगा। राज्यमंत्री ने बताया कि हर्रई में लगभग 50 प्रधानमंत्री आवास ऐसे हैं, जिनकी पहली किस्त जारी होने के बाद भूमि वन विभाग की होने की जानकारी सामने आई। इसी कारण अगली किस्तें अटक गई हैं। इस समस्या के समाधान के लिए डीएफओ एवं सीईओ को समन्वय बनाकर उचित निराकरण करने की बात कही गई। उन्होंने वर्षों से वन भूमि पर बसे और खेती कर रहे लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान निकालने पर जोर दिया। राज्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र की लगभग 72 हजार महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 1500 रुपये भेजे जा रहे हैं। इस प्रकार प्रत्येक हितग्राही महिला को सालाना 18 हजार रुपये मिल रहे हैं। किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की सहायता मिल रही है। कलेक्टर यादव ने कहा कि शासन क्षेत्र के विकास, आमजन का जीवन स्तर बेहतर बनाने और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं चला रहा है। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया है। अभियान में 27 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया और 27 जिला स्तरीय अधिकारियों के दल बनाए गए। इन दलों ने गांव-गांव पहुंचकर स्कूल, आंगनवाड़ी, राशन दुकान, छात्रावास, शासकीय कार्यालयों और विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण किया।
समाचार
तारादेही में जन विश्वास शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं पर सुनवाई
27 नवंबर 2026 को 10:56 pm बजे
तारादेही में जन विश्वास शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं पर सुनवाई
