स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, गुणवत्ता सुधार और नागरिकों को समय पर उपचार प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जबलपुर संभाग के बंधपत्र चिकित्सकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जबलपुर, बालाघाट एवं नरसिंहपुर जिलों में पदस्थ चिकित्सकों को पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता से दायित्व निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मनोयोग से सेवा प्रदाय करने का आह्वान किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, गुणवत्ता सुधार और आम नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बंधपत्र चिकित्सक ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण, सिकल सेल रोग की पहचान और प्रबंधन तथा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने बंधपत्र चिकित्सकों की पदस्थापना, ज्वाइनिंग, कार्यपरिस्थितियों और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को निर्देश दिए कि चिकित्सकों के रहने, भोजन, पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
