मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने आगामी 15 जनवरी को भोपाल में होने वाली आर्मी डे परेड और उससे जुड़े अन्य कार्यक्रमों को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को बेहतरीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मंत्रालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग हुई बैठक में मुख्य सचिव ने आयोजनों की तैयारियों, स्थल व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, आवास, प्रचार-प्रसार और प्रोटोकॉल जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अब तक हुई प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ला और सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव बर्णवाल ने विशेष रूप से आर्मी डे परेड के मुख्य आयोजन स्थल पर आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने भेल स्थित कालीबाड़ी मार्ग के सुधारीकरण और रिसर्फेसिंग के साथ-साथ विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने के काम को तय समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग ने उन्हें आश्वस्त किया कि यह सभी कार्य आगामी 1 दिसंबर तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएंगे। बैठक में अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों सहित लगभग 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधों की योजना पर भी चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और एयर शो की तैयारियों पर भी मुख्य सचिव ने विशेष ध्यान दिया। टीटी नगर स्टेडियम में होने वाले शौर्य एवं संस्कृति कार्यक्रम और भोपाल अपर लेक पर आयोजित होने वाले एयर शो के लिए सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी कार्यक्रमों में यातायात, पार्किंग, प्रवेश और निकास की सुचारू व्यवस्था के साथ-साथ समग्र सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत कार्य-योजना तैयार कर पुलिस आयुक्त भोपाल और ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाए। मुख्य सचिव ने तीनों मुख्य कार्यक्रमों के लिए अतिथियों के आवागमन और बैठक की व्यवस्था के हेतु आरक्षित स्थानों की जानकारी भी ली और उनके बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने एयर शो को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सेना के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
समाचार
आर्मी डे परेड: भव्य तैयारियों के निर्देश
28 अक्टूबर 2026 को 10:17 pm बजे
आर्मी डे परेड: भव्य तैयारियों के निर्देश
