एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने ग्राहकों को एमडी ड्रग्स बेचने पहुंची 38 वर्षीय महिला इंजीनियर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 14.19 ग्राम एमडी बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने बताया कि शौक और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल के चक्कर में वह नशे की आदी हो गई थी। दो दिन पहले वह अपने साथी के साथ उत्तर प्रदेश जाकर एमडी लेकर आई थी। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला शराब दुकान के सामने एमडी बेचने आने वाली है। टीम ने घेराबंदी कर महिला को हिरासत में लिया। तलाशी में उसकी जैकेट की जेब से एमडी मिली। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। श्रद्धा की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच ने दूसरे आरोपी 37 वर्षीय राजेंद्र राय को गिरफ्तार कर लिया। वह बी-फार्मा पास है। श्रद्धा ने 2012 में भोपाल के इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया था। बैक लगने से उसने 2014 में बीई छोड़ दी। श्रद्धा 2016 में पति से तलाक ले चुकी है। वह 10 साल से भोपाल में रहकर खुद को कंस्ट्रक्शन क्षेत्र से जुड़ा बताती है। मिनाल रेसीडेंसी में दोस्तों की संगत से उसने नशा शुरू किया। डेढ़ साल से वह एमडी बेच रही थी और शाहपुरा के दो होटलों में पार्टी कर ग्राहक तलाशती थी।
समाचार
नशे की आदी इंजीनियर गिरफ्तार
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे

नशे की आदी इंजीनियर गिरफ्तार
