जिला प्रमुखों के 70 फीसदी पदों पर महिलाओं की हिस्सेदारी
राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को लेकर अलग-अलग राय हो सकती है, पर जिला प्रमुखों के चुनाव परिणामों में महिलाओं की सत्ता में भागीदारी जिस तरह उभरी है, वह केवल राजस्थान ही नहीं, पूरे देश और दुनिया के लिए सकारात्मक संकेत है। राजस्थान के नागौर से पंचायतीराज का बिगुल बजा था और आज जिला प्रमुखों के 70 फीसदी पदों पर महिलाओं की हिस्सेदारी से नई बयार देखने को मिल रही है। सत्ता में महिलाओं की भागीदारी को लेकर राजस्थान से सकारात्मक और आश्चर्यकारी परिणाम सामने आए हैं। जिला प्रमुखों के चुनाव परिणाम न केवल चौंकाने वाले हैं, बल्कि आने वाले समय में महिलाओं की सत्ता में भागीदारी बढ़ने की दिशा में बढ़ता कदम माना जा सकता है। राजस्थान में 37 जिला परिषदों के परिणामों में 26 जिला परिषदों में जिला प्रमुख के पद पर महिलाएं चुनी गई हैं। इसमें खास बात यह है कि सुदूर रेगिस्तानी जिले जैसलमेर से केवल 21 साल और चार माह की आयु की संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई हैं। वहीं 21 वर्ष और चार माह की वर्षा झाला झालावाड़ की जिला प्रमुख चुनी गई हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि जिला प्रमुख बनने वाली महिलाओं में अधिकांश युवा हैं, और दूसरी ओर कई अच्छी पढ़ी-लिखी महिलाएं भी जिला प्रमुख बनी हैं। महिलाओं में भी राजस्थान में शिक्षित और युवा महिला नेतृत्व उभर कर आया है। इसे भविष्य के लिए भी शुभ संकेत माना जा सकता है। महिलाओं की सत्ता में भागीदारी से यह उम्मीद की जा सकती है कि वे जमीनी हकीकत से अधिक जुड़ी होती हैं। ऐसे में पंचायतीराज संस्थाओं में स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में सार्थक और सकारात्मक परिणाम की आशा की जा सकती है। माना जा रहा है कि युवा और शिक्षित महिला नेतृत्व का फोकस शुद्ध पेयजल से लेकर बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी और स्थानीय समस्याओं को समझने व उनके निराकरण पर रहेगा। यह भी माना जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर एक हद तक रोक संभव हो पाएगी। महिलाएं नए जोश और नई ऊर्जा से काम करते हुए परिणाम देने का प्रयास करेंगी। कुल मिलाकर कार्य व्यवस्था में बदलाव की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। महिलाओं की दमदार भागीदारी के बावजूद एक आशंका अभी से उठाई जा सकती है। पंचायतों में सरपंच पति, प्रधान पति या पंच पति का दौर चला था, वैसी स्थिति प्रमुख पति के रूप में नहीं आनी चाहिए। सच्चे अर्थों में महिला जिला प्रमुख ही सत्ता की भागीदार बनें और निर्णय उन्हीं का रहे, किसी जिला प्रमुख पति का नहीं। महिलाओं को अपनी निर्णय क्षमता विकसित करनी होगी। प्रशासन में अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ने की चुनौती महिला जिला प्रमुखों के सामने होगी। राज्य सरकार को नई जिला प्रमुखों के लिए ओरियंटेशन कार्यक्रम व्यापक और निरंतर रूप से आयोजित करने होंगे, ताकि महिलाओं की भागीदारी सच्चे अर्थों में उभर सके। दुनिया के देशों में सत्ता में महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो वैश्विक औसत 27.5 फीसदी है। 30 देशों में महिला राष्ट्राध्यक्ष महिलाएं हैं, जबकि दुनिया के केवल 8 देश ऐसे हैं जहां महिलाओं की भागीदारी 50 फीसदी से अधिक है। रवांडा, क्यूबा, निकारागुआ, कोस्टारिका, बोलिविया, मैक्सिको, एंडोरा और संयुक्त अरब अमीरात में 50 प्रतिशत से अधिक भागीदारी है। न्यूजीलैंड, डेनमार्क और आइसलैंड में 45 से 50 प्रतिशत महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। इस समय दुनिया के 56 देश ऐसे हैं जहां सत्ता में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है। एक बात साफ होनी चाहिए कि पिछले चुनावों में सरकार बनाने में महिलाएं निर्णायक भूमिका में रही हैं। एक मोटे अनुमान के अनुसार 14 राज्यों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका रही। 2024 के लोकसभा चुनावों में भी 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में महिलाओं ने निर्णायक भूमिका निभाई।

