महिलाओं ने आंवले के वृक्ष का पूजन किया
दमोह जिले के आंवला में कार्तिक मास की अक्षय नवमी पर बुधवार को आस्था और बुंदेली लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। शहर के प्रसिद्ध जटाशंकर मंदिर और बड़ी देवी मंदिर में सुबह से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आंवले के वृक्ष का पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इसके बाद महिलाओं ने मंदिर परिसर में पारंपरिक तरीके से भोजन बनाया और परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन आंवले की पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। मान्यता है कि अक्षय नवमी पर पूजा, दान-पुण्य और जरूरतमंदों की सेवा से अक्षय फल मिलता है। अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो। जटाशंकर मंदिर में बिलवारी मोहल्ला सहित शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। बिलवारी मोहल्ला निवासी चंद्रकांता तिवारी ने बताया कि यह पर्व धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने जटाशंकर मंदिर परिसर में पारंपरिक मोनिया नृत्य प्रस्तुत किया। इस लोक नृत्य से आयोजन में विशेष रंग भर गया।

