बेंगलुरु से नेपाल जा रही यात्री बस कंटेनर के पिछले हिस्से में घुसी, छह यात्री घायल
जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। छपारा थाना क्षेत्र के रणधीर नगर के पास बेंगलुरु से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस आगे चल रहे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हुई। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। थाना प्रभारी खेमेन्द्र जैतवार के मुताबिक बस आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकराई थी। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों का आगे का सफर रुक गया। ऐसे में महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों को छपारा के लक्ष्मीनारायण मंदिर स्थित रैन बसेरे में ठहराया गया। यात्रियों की परेशानी देखते हुए समाजसेवी एवं शासकीय ठेकेदार शिवकुमार ठेकेदार ने उनके भोजन, ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराई। बताया गया कि यात्रियों का समूह स्पेशल बस से बेंगलुरु से नेपाल जा रहा था। फिलहाल यात्रियों को गोल्डन टेंपल में ठहराया गया है। दूसरी बस की व्यवस्था होने के बाद सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों के परिजन और स्थानीय लोग घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार घायलों का इलाज जारी है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।

