सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार दोपहर भारी हंगामा हो गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच तीखी झड़प हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ वैज्ञानिक दावों के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने परिसर में नारेबाजी की। उन्होंने तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। विवाद बढ़ने पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने कुलसचिव को जूता दिखाया। उन्होंने कुलसचिव के लिए अभद्र टिप्पणी भी की। दोपहर को एनएसयूआई कार्यकर्ता कुलपति के नाम ज्ञापन देने प्रशासनिक भवन स्थित कुलसचिव कार्यालय पहुंचे थे। वहां मुख्य चैनल गेट पर ताला लगा मिला। कार्यकर्ता गेट के बाहर जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। करीब 25 से 30 मिनट तक कुलसचिव को बाहर बुलाने की मांग की गई। कोई अधिकारी नहीं आया, तो प्रदर्शनकारी दूसरे रास्ते से कार्यालय के भीतर पहुंच गए। अंदर के चैनल गेट पर भी ताला लगा था। कार्यकर्ताओं ने गेट पर लातें मारकर ताला तोड़ने की कोशिश की। धक्का-मुक्की में दीवार की नेमप्लेट उखड़कर नीचे गिर गई। कुलसचिव अनिल शर्मा बाहर आए और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला के बीच गर्मागर्म बहस हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिलाध्यक्ष ने जूता उठाकर कुलसचिव की ओर इशारा किया। जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला ने विश्वविद्यालय और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई कथित नवाचारों का विज्ञान से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने स्मार्टफोन की स्क्रीन पर मिट्टी रखकर सॉइल टेस्टिंग करने और नाली की गैस से ऊर्जा बनाने जैसी बातों पर आपत्ति जताई। कुलसचिव अनिल शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता बिना किसी कारण उग्र हो रहे थे।
समाचार
विश्वविद्यालय में बवाल, कुलसचिव को दिखाया जूता
16 नवंबर 2026 को 10:46 pm बजे

विश्वविद्यालय में बवाल, कुलसचिव को दिखाया जूता
