मुख्यमंत्री मोहन यादव का जबलपुर प्रवास के दौरान एक अनोखा अंदाज देखने को मिला। मंडला में तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से डुमना विमानतल आ रहे मुख्यमंत्री यादव बरेला में शारदा माता मंदिर के सामने सड़क किनारे लगी चाय की दुकान अग्रवाल होटल पर रुके। उन्होंने लोगों को देख अपना काफिला रोका और सीधे चाय की दुकान पहुँच गये। मुख्यमंत्री यादव ने यहाँ बरेला के बच्चों को निःशुल्क कोचिंग दे रहे युवा मयंक साहू का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया और उनके नेक कार्य की तारीफ की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को फ्री कोचिंग देने वाले युवा मयंक साहू के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री यादव का काफिला सन राइज फैमिली ढाबे पर भी रुका। यह ढाबा सास-बहु द्वारा संचालित है। मुख्यमंत्री ने ढाबा संचालक आरती दुबे और उनकी बहु सुरभि दुबे से परिवार के सदस्यों के हालचाल जाने। मुख्यमंत्री यादव ने इस सास-बहु द्वारा संचालित ढाबे पर भी चाय पी। उन्होंने ढाबा संचालकों से उनके व्यवसाय और परिवार के बारे में जानकारी ली। मंडला से मुख्यमंत्री यादव के सड़क मार्ग से जबलपुर आने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय जन उनके स्वागत के लिए बरेला में शारदा माता मंदिर के सामने एकत्र हो गए थे।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव ने रोकी कार, बरेला में पी चाय
5 अक्टूबर 2026 को 12:05 am बजे
