किसानों को मिलेगा 1 लाख तक का पुरस्कार
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रतलाम में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उन्नत नस्ल के पशुपालन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि रबी सीजन में सिंचाई के लिए किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने किसानों को विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से सशक्त बनाने के निरंतर प्रयासों पर जोर दिया, ताकि वे कृषि क्षेत्र में उन्नति कर सकें। मुख्यमंत्री यादव ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि वे खेती में बदलाव के साथ-साथ अलग-अलग प्रकार की फसलें उगा रहे हैं। किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए फसल उत्पादन, प्रोसेसिंग, पशुपालन एवं उद्यानिकी जैसी गतिविधियों को अपना रहे हैं। उन्होंने उन्नतशील किसानों से संवाद करते हुए सरकार की पीएम एफएमई योजना का लाभ लेकर घी के व्यवसाय को अमेरिका और श्रीलंका तक पहुंचाने वाले किसान दिलीप पाटीदार का विशेष उल्लेख किया। दिलीप पाटीदार ने बताया कि उन्हें सरकार की योजना के अंतर्गत 30 लाख 10 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री यादव ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा सिंचाई का रकबा बढ़ाने के साथ ही पम्प ऊर्जीकरण के लिए 30 लाख किसानों के खेतों पर सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वृंदावन ग्राम में एक पशु प्रतियोगिता आयोजित करवाने की बात कही, ताकि पशुपालकों को प्रोत्साहन मिल सके। इस प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले पशुपालक को सरकार एक लाख रुपये का पुरस्कार देगी, जबकि द्वितीय स्थान पर आने वाले को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री यादव ने अमरूद का उत्पादन करने वाले किसान कन्हैयालाल पाटीदार से भी चर्चा की। कन्हैयालाल ने बताया कि वे कम शुगर वाले वीएनआर, पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन करते हैं। वे इन अमरूदों को मुंबई, दिल्ली और असम तक के बाजारों में मांग के अनुसार भेजते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे प्रोसेसिंग का कार्य भी करते हैं, जिससे उनके उत्पाद की मांग बढ़ी है। कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप, विधायक जावरा राजेन्द्र पाण्डेय, और विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

