दमोह में रैम्प कार्यशाला: उद्यमियों को एमएसएमई योजनाओं और व्यवसाय विकास पर मार्गदर्शन
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय रैम्प कार्यशाला का शुभारंभ 13 अक्टूबर को मंगलम रेस्टोरेंट दमोह में हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के उद्यमियों, आकांक्षी युवाओं और स्वसहायता समूहों को केंद्र व राज्य सरकार की उद्यमिता संबंधी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम में वित्तीय जागरूकता, व्यवसाय औपचारिकीकरण, गुणवत्ता सुधार, बौद्धिक संपदा अधिकार और सतत व्यवसाय संचालन जैसे विषयों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस, उपस्थित उद्यमियों और स्वसहायता समूहों के सदस्यों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से संचालित करने के तरीकों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने एमएसएमई प्रोत्साहन नीति, आरएएमपी, ज़ेडईडी (जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट), आईपीआर (बौद्धिक संपदा अधिकार), एसएचजी औपचारिकीकरण, वित्तीय जागरूकता, और ओएनडीसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक सुझाव दिए। यह सत्र भी उद्यमियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।




