दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के आनू गांव के पास बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें चोपरा निवासी 21 वर्षीय अजय पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक अजय पटेल ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और आनू गांव से घर लौट रहा था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि यह टक्कर जानबूझकर मारी गई थी और यह एक हत्या है। मृतक के बड़े पिता लालजू पटेल ने कहा कि अजय को जानबूझकर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारा गया। इस दौरान परिजनों ने संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर तलवार से धमकाने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला, जिससे यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर और एसडीएम सौरव गंधर्व मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। घायलों में से एक, घटेरा निवासी मनोज अहिरवार ने बताया कि वह करैया भदौली रेलवे स्टेशन पर काम करते हैं और अपने साथी ईश्वर दास के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। इस टक्कर के कारण वे दोनों भी घायल हो गए। दोनों घायलों को ऑटो की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल जानबूझकर टक्कर मारने या हत्या की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने कहा कि मर्ग कायम किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
समाचार
ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, युवक की मौत
8 अक्टूबर 2026 को 10:42 pm बजे
