कार की टक्कर से पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल
मंदसौर में रविवार रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। यह घटना नईआबादी थाना क्षेत्र के ग्राम चांगली के पास हुई। मंदसौर के मुल्तानपुरा निवासी 35 वर्षीय हुसैन पिता शब्बीर घोंचा अपनी 30 वर्षीय पत्नी शब्बों के साथ सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम दीपाखेड़ा में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान हुसैन ने दम तोड़ दिया। पत्नी शब्बों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने हादसे के बाद कार जब्त कर ली है। नई आबादी पुलिस ने हुसैन की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है। मृतक खेती-किसानी करता था और उसके दो बच्चे हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिवार में मृतक की मौत से शोक का माहौल है। पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए जांच कर रही है। पुलिस फरार चालक को पकड़ने के प्रयास में है। मामले की जांच जारी है।

