सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए भोपाल जिले का चयन केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा (सीबीडीसी) पर आधारित राशन वितरण की पायलट परियोजना के लिए किया गया है। नई व्यवस्था में राशन प्राप्त करने वाले सभी पात्र परिवारों के प्रत्येक सदस्य की जानकारी का सत्यापन करना और उन्हें सीबीडीसी प्रणाली की सूची में शामिल करना आवश्यक है। इस प्रक्रिया को व्हाइटलिस्टिंग कहा जाता है, जिसके तहत हर सदस्य की पहचान की पुष्टि की जाती है। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने राशन हितग्राहियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से राशन लेने वाली उचित मूल्य दुकान पर जाएँ। वहाँ परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज कराकर उसका सत्यापन कराएँ। परिवार के प्रत्येक सदस्य के आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और समग्र पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर एक ही होना चाहिए। दोनों जगह अलग-अलग नंबर दर्ज होने पर पहले आवश्यक संशोधन कराना होगा। इसके बाद राशन दुकान पर सत्यापन पूरा कराकर यह सुनिश्चित करना है कि सभी सदस्य सीबीडीसी प्रणाली की सूची में शामिल हो गए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि प्रक्रिया अधूरी रहने पर दिसंबर में नई डिजिटल व्यवस्था के तहत राशन प्राप्त करने में तकनीकी कठिनाई हो सकती है। इसी कारण हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय की प्रतीक्षा किए बिना अपनी राशन दुकान पर जाकर यह प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराएँ।
समाचार
भोपाल में सीबीडीसी आधारित डिजिटल राशन पायलट, परिवार के हर सदस्य का सत्यापन आवश्यक
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे
