भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को मंडल में संभागीय कार्यालय में ‘सेवा दूत अभियान’ के अंतर्गत सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित किया। यह कार्यशाला जबलपुर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल संभाग के सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों के लिए आयोजित हुई। हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना है। सेवा दूत अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू हुआ यह अभियान उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। चंद्रशेखर ने कहा कि सेवा दूत अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। यह समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर जनभागीदारी से सकारात्मक परिवर्तन लाने का व्यापक अभियान है। सेवा दूतों की जिम्मेदारी है कि वे विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के दौरान आमजन से आत्मीय संवाद करें। वे लोगों की समस्याओं और सुझावों को समझकर स्थानीय स्तर पर प्रभावी पहल करेंगे। हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी। आज देश तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपना सार्वजनिक जीवन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया है। सेवा दूत अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के सेवा के 25 वर्षों के संदेश को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाना है। सेवा दूतों को आगामी 25 दिन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इस अभियान के माध्यम से 1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक सेवा, संवाद और संगठन का संदेश पहुंचाया जाएगा।
प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्षों पर सेवा दूत अभियान शुरू हुआ
1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक संदेश पहुंचेगा
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारे संगठन में पद से नहीं, सेवा से कार्यकर्ता की पहचान होती है। यह संस्कार हमें श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जैसे महान संगठन शिल्पियों से मिला है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे उनके बताए मार्ग पर चलकर जनता के बीच सेवा कार्य आगे बढ़ाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को और सक्रिय होकर भूमिका निभानी है। सेवा दूत अभियान में आगामी दिनों में विधानसभा स्तर से बूथ स्तर तक संवाद बढ़ाया जाएगा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनभागीदारी के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सेवा, संवाद और संगठन के इस संदेश से प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
