ईओडब्ल्यू की चार्ज शीट में पत्नी श्वेता गोगिया भी आरोपी
एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के मोहित गोगिया और उसकी पत्नी श्वेता गोगिया 500 करोड़ की ठगी के मामले में फंस गए हैं। गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी की शिकायत पर मध्य प्रदेश शासन की आर्थिक अपराध शाखा ईओडब्ल्यू ने इस मामले में चार्ज शीट पेश कर दी है। भोपाल की अदालत में अब मोहित गोगिया और श्वेता गोगिया के खिलाफ केस चलेगा। दोनों आरोपी अभी तिहाड़ जेल में बंद हैं। मोहित गोगिया पर ठगी के कई मामले दर्ज हैं। अकेले यूनिटी ग्रुप के साथ ही उसने 135 करोड़ की ठगी की। जांच अधिकारियों के अनुसार मोहित गोगिया ने गुड़गांव के एक मॉल को भी 500 करोड़ में बेचने की कोशिश की थी। उसने फर्जी लेटरहेड, फर्जी बैंक ऑक्शन रिपोर्ट और बारकोड वाले पेपर्स से कई रईसों को चूना लगाया। भोपाल की गायत्री फूड प्रोडक्ट्स डेरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी है। इसके संचालक किशन मोदी ने मोहित गोगिया पर 10 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कर्ज सेटल कराने के बहाने यह रकम ऐंठी। मोहित गोगिया ने किशन मोदी का भरोसा जीतने के लिए एक चैट दिखाई। इसमें दावा किया गया था कि भारतीय स्टेट बैंक की जीएम कुंदन ज्योति से उसकी बातचीत हो रही है। हालांकि बाद में यह चैट फर्जी निकली। मध्य प्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा ईओडब्ल्यू की जांच में मोहित गोगिया और उसकी पत्नी श्वेता दोषी पाए गए। बैंक ने ऐसी किसी भी बातचीत से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में मोहित गोगिया, श्वेता गोगिया और कंपनी एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। अब चालान पेश करते हुए जांच अधिकारियों ने कोर्ट में दावा किया है कि एजेंसी के पास दोनों आरोपियों के खिलाफ कई पक्के सबूत हैं। मोहित गोगिया पर देशभर में करीब 1000 करोड़ की ठगी के आरोप हैं। उसके पास अनेक लग्जरी कारों का काफिला था। वह अभी जेल में ही है। जांच में मोहित गोगिया पर देशभर में कम से कम 12 केस दर्ज पाए गए हैं। इनमें गुड़गांव के एंबियंस मॉल का मामला भी शामिल है। मोहित गोगिया ने इस मॉल को 500 करोड़ में बेचने की कोशिश की थी। 1987 में जन्मा मोहित गोगिया कॉलेज ड्रॉपआउट है। उसने सेकंड-हैंड कारों का काम भी किया था। लेकिन महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए उसने गलत राह चुन ली। जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। मामले की सुनवाई भोपाल की अदालत में आगे बढ़ेगी।

