गुना में कबाड़ बीनने गए संजय रजक की बेहोश मिलने के बाद मौत
शहर की पुरानी छावनी स्थित राठौर बस्तियों में रहने वाले 25 वर्षीय युवक संजय रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। संजय रोज की तरह कबाड़ का काम करने घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद परिजनों को उसके बूढ़े बालाजी मैदान में बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। परिवार के लोग उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए जांच की मांग की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतक की बहन गंगा रजक ने बताया कि शुक्रवार सुबह संजय रजक कबाड़ का काम करने घर से निकला था। करीब 11 बजे किसी व्यक्ति का फोन आया कि संजय बूढ़े बालाजी मैदान में ईंटों के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां संजय बेहोशी की हालत में पड़ा था। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि करीब 15 से 20 दिन पहले 20 हजार रुपए के मुआवजे के लेनदेन को लेकर संजय का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिवार का दावा है कि घटना के बाद सिटी थाने में शिकायत भी की गई थी। लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। परिजनों ने पुराने विवाद को संजय की मौत से जोड़ते हुए इसकी गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। संजय कबाड़ का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करता था। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी। पुलिस के लिए पुराने विवाद, मारपीट के आरोप और पहले की गई शिकायत की पड़ताल करना भी महत्वपूर्ण होगा।

