उज्जैन में शनिवार शाम से सात दिवसीय अखिल भारतीय कालिदास समारोह की शुरुआत होने जा रही है। समारोह के उद्घाटन में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का दौरा निरस्त हो गया है। मुख्यमंत्री अब वर्चुअली जुड़कर समारोह का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के संस्कृति मंत्री, जनप्रतिनिधि और केंद्रीय समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे। कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. गोविंद गन्धे ने बताया कि परंपरा के अनुसार हर वर्ष कार्तिक माह की एकादशी पर समारोह का शुभारंभ किया जाता है। इस बार भी शनिवार को विधिवत उद्घाटन होगा। उद्घाटन सत्र के बाद पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले की लोकगायन प्रस्तुति होगी। इसके बाद 27 नवंबर तक प्रतिदिन साहित्य, शोध, व्याख्यान, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में महाकवि कालिदास के साहित्य, उनकी रचनाओं और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान पर देशभर के विद्वान मंथन करेंगे। 22 से 24 नवंबर तक सारस्वत आयोजन के अंतर्गत शोध संगोष्ठी होगी। इसमें वैश्विक परिप्रेक्ष्य में महाकवि कालिदास, मल्लिनाथ के अतिरिक्त टीकाकारों की दृष्टि में कालिदास और काव्यशास्त्र परंपरा जैसे विषयों पर चर्चा होगी। सम्राट विक्रमादित्य और कालिदास, वैज्ञानिक कवि कालिदास और लोकमंगलकारी कालिदास विषयों पर स्मृति व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। 25 नवंबर को संस्कृत कवि समवाय और 26 नवंबर को धर्माचार्य समागम होगा। वहीं 22 से 27 नवंबर तक राष्ट्रीय कालिदास चित्र एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी लगेगी, जिसमें सुबह 10 से रात 8 बजे तक कलाकृतियों का अवलोकन किया जा सकेगा।
समाचार
उज्जैन में कालिदास समारोह, मुख्यमंत्री वर्चुअली शुभारंभ करेंगे
21 नवंबर 2026 को 10:39 pm बजे

उज्जैन में कालिदास समारोह, मुख्यमंत्री वर्चुअली शुभारंभ करेंगे
