उज्जैन में पिछले कई महीनों से चल रही स्मार्ट मीटर की किल्लत अब खत्म हो गई है। शंकरपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के स्टोर एवं लैब में स्मार्ट मीटर की नई खेप पहुंच गई है। बिजली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार पिछले दो-तीन महीनों से स्मार्ट मीटर की सप्लाई नहीं मिलने के कारण शहर के कई इलाकों में नए कनेक्शन अटके हुए थे। इसका असर सोलर सिस्टम योजना पर भी पड़ रहा था, क्योंकि कई उपभोक्ताओं के यहां सोलर सिस्टम लगने के बाद भी स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए थे। इससे उपभोक्ताओं को औसत खपत के आधार पर बिल मिल रहे थे, और शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही थीं। शंकरपुर स्थित स्टोर के अधिकारियों का कहना है कि अब स्टॉक की कोई कमी नहीं है। लगभग 25 हजार मीटर स्टोर में आ चुके हैं, जिनकी लैब टेस्टिंग का काम चल रहा है। एक सप्ताह के भीतर सभी जोन में स्मार्ट मीटर उपलब्ध करा दिए जाएंगे, और उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों में लंबित काम निपटाने का अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें नए कनेक्शन के आवेदनों को प्राथमिकता दी जाएगी। जोन स्तर पर टीमों को स्मार्ट मीटर बदलने के लिए लक्ष्य भी दे दिया गया है। सप्लाई बंद होने के कारण शहर के अधिकांश जोन कार्यालयों में उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ दलालों ने स्मार्ट मीटरों की कालाबाजारी शुरू कर दी थी। चर्चा है कि जोन पर तैनात कुछ आउटसोर्स कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर अपने घरों पर छिपाए और जमकर कालाबाजारी की। अब नई खेप आने के बाद उनके इरादों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
समाचार
उज्जैन में स्मार्ट मीटर की किल्लत खत्म, नई खेप पहुंची
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे

उज्जैन में स्मार्ट मीटर की किल्लत खत्म, नई खेप पहुंची
