सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को दस लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा हुई
किसान को 50 हजार रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होकर आवेदकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आवेदकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में एक आवेदक की समस्या का त्वरित समाधान नहीं होने और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत न कर पाने पर मुख्यमंत्री नाराज हुए। समस्या के समाधान के प्रति उदासीनता बरतने पर उन्होंने देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में उज्जैन की आवेदिका कुमारी सलोनी सिसोदिया से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। सलोनी ने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान उन्हें प्राप्त नहीं हुआ। जांच में सामने आया कि उनकी छात्रवृत्ति किसी अन्य खाते में जमा हो गई थी। पर्यवेक्षक द्वारा फॉलोअप न करने और सलोनी के खाते में राशि जमा न करवाने पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को दस लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सैनिक के परिजनों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रकरण का आवश्यक परीक्षण करवाकर सरकार द्वारा सैनिक को शहीद का दर्जा देने पर विचार किया जा रहा है। वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को किसान की राशि के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह, एडीजी उज्जैन राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान ऑनलाइन जैसे कार्यक्रम जनता की समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाने का माध्यम माने जाते हैं।
समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, कुमारी सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और आवेदक लाल सिंह पिता रतनलाल से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी समस्याओं के तत्परता से निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास के सुरेश मालवीय की नल जल योजना की शिकायत पर लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर एक लाख रुपये पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
