संसाधनों की कमी से जबलपुर में आग बुझाने में चुनौती
जबलपुरपुर में आग का खतरा बढ़ रहा है और अग्निशमन व्यवस्था की चुनौतियां भी गंभीर हो गई हैं। शहर में हाल ही में हुए अग्नि हादसों ने नागरिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम का अमला और दमकलकर्मी आग से निपटने के लिए तैयार हैं, लेकिन संसाधनों की कमी एक बड़ी बाधा बनी हुई है। शहर के तेजी से फैलने और आबादी बढ़ने के कारण घटनाओं के समय पर स्थल तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। निगम मुख्यालय में फायर स्टेशन और आईएसबीटी में दमकल वाहनों की तैनाती के बावजूद कुंडम-पाटन जैसे दूरस्थ इलाकों में आग लगने पर त्वरित पहुंच एक बड़ी चुनौती है। बड़े अग्नि हादसों की स्थिति में पानी खत्म होने पर टैंकरों को बार-बार भरना पड़ता है, जिससे राहत कार्यों की गति धीमी हो जाती है। त्योहारों के दौरान बाजारों की भीड़ और सड़कों पर बढ़ते दबाव के बीच दमकल वाहनों के लिए घटनास्थल तक पहुंचना एक अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। नगर निगम का दमकल विभाग भी दमकल कर्मियों और संसाधनों की कमी को स्वीकार रहा है।

