भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्चे के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। मरहबा बरगर ट्विस्टर दुकान के संचालक मुबीन पर बच्चे को वेट मशीन चोरी के शक में दुकान के अंदर बंद कर बेरहमी से पीटने का आरोप है। घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें एक वीडियो 10 मिनट 54 सेकंड का और दूसरा करीब डेढ़ मिनट का है। 10 मिनट से अधिक के वीडियो में बच्चे पर छुरी से आरोपी 19 वार करता नजर आ रहा है। डेढ़ मिनट के वीडियो में उसे 12 थप्पड़ मारे गए। वीडियो में दुकान का शटर बंद कर बच्चे को पीटते और डराते हुए देखा जा सकता है। मामला दो दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके वीडियो बुधवार को सामने आए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति, जिसकी पहचान मुबीन के रूप में हुई है, बच्चे पर लगातार हाथ उठाता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद दूसरे लोग भी उसे डराते-धमकाते सुनाई दे रहे हैं। बच्चे पर वेट मशीन चोरी करने और दूसरी जगहों से चोरी का सामान बेचने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मारपीट के दौरान छुरी दिखाकर डराने की बात भी सामने आई है। वीडियो में बच्चे को दो दिन तक बंधक बनाकर रखने और इस दौरान खाना-पानी नहीं देने की बात कही जा रही है। कुछ दावों में उसे रातभर दुकान में बंद रखने की बात भी कही गई है। दुकान का शटर बंद होने के बाद भी बच्चे के साथ मारपीट की जा रही है। दोनों वीडियो की अवधि और उनमें दिख रही हिंसा ने मामले को गंभीर बना दिया है। सवाल यह भी है कि वेट मशीन चोरी के संदेह में बच्चे को पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना देने के बजाय उसे इस तरह प्रताड़ित क्यों किया गया? टीआई यूपीएस चौहान ने बताया कि मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की है।
प्रारंभिक जांच में मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। उनके संपर्क में आने और घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
