बाजार में फैली दुर्गंध से दुकानदार और राहगीर परेशान हैं
शाहपुरा के व्यस्त बाजार में स्थित करीब 300 साल पुरानी चमना बावड़ी में बड़ी संख्या में मछलियां मरी मिली हैं। उनसे फैल रही दुर्गंध से दुकानदारों, राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बावड़ी में लगातार मछलियां मर रही हैं और पानी से सड़ांध आ रही है। लोगों को संक्रमण और बीमारियां फैलने की आशंका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब तक मृत मछलियों को बाहर निकालने के लिए कदम नहीं उठाए गए हैं। बावड़ी की सफाई और पानी की जांच के लिए भी अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। शाहपुरा रिलीफ सोसायटी के अध्यक्ष ठाकुर शक्ति सिंह परिहार और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका से बावड़ी से मरी मछलियां निकलवाने की मांग की है।

