उपभोक्ताओं को उत्पाद के खतरे की साफ जानकारी मिलेगी
खाद्य पदार्थों में हानिकारक तत्वों की पहचान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश काफी अहम माना जा रहा है। कोर्ट ने पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट के पैकेट पर खतरे का निशान लगाने की व्यवस्था दी है। इस निशान से उपभोक्ताओं को आसानी से पता चल सकेगा कि वे जो उत्पाद खरीद रहे हैं, वह उनकी सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकता है। पैकेज्ड फूड में भले ही जहर न होता हो, लेकिन उसमें नमक, शुगर, फैट और कैलोरी की अधिकता जरूर होती है। इन तत्वों की अधिकता से उत्पाद स्वाद में भले अच्छा लगे, पर शरीर को काफी नुकसान पहुंचा सकती है। अब तक कंपनियां पैकेट पर तत्वों की मात्रा छोटे-छोटे शब्दों में लिख रही हैं। ऐसे में यह मात्रा सेहत के लिए कितनी खतरनाक है, यह आम उपभोक्ता आसानी से नहीं समझ पाता। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से पैकेट्स पर न्यूट्रिशन लेबलिंग नियमों को सख्त करने को कहा है। प्रोडक्ट पर ऊपर की ओर बड़ा खतरे का निशान लगने से जानकारी में स्पष्टता आएगी। गफलत, अनजाने या जिद में ऐसे उत्पादों के सेवन की प्रवृत्ति पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा। तमाम शोध लगातार चेताते रहे हैं कि नमक, शुगर, फैट या कैलोरी का अत्यधिक सेवन शरीर को धीरे-धीरे रोगी बनाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार केवल नमक के अधिक सेवन से दुनिया में हर साल 17 से 18 लाख लोगों की मौत होती है। भारत में अत्यधिक नमक से जुड़ी बीमारियों से मौतों का सालाना आंकड़ा 1.75 लाख है। शुगर और अधिक कैलोरी के सेवन से होने वाली मौतों की संख्या इससे कहीं ज्यादा मानी जाती है। अधिकांश मामलों में डायबिटीज, किडनी और हार्ट फेल जैसी बीमारियां इसी खानपान की परिणति होती हैं। बीमारी घेरने के बाद व्यक्ति की जिंदगी सामान्य नहीं रह पाती। बीमारी के इलाज से जुड़े वित्तीय पहलू भी नजरअंदाज नहीं किए जा सकते। यह व्यक्ति और देश, दोनों के लिए बड़ा आर्थिक नुकसान है। भारत के संदर्भ में गंभीरता इससे समझी जा सकती है कि देश में 56 प्रतिशत से ज्यादा बीमारियों का कारण इसी तरह का खानपान है। समय के साथ जागरूकता का स्तर बढ़ा तो है, फिर भी असुरक्षित खानपान से होने वाली मौतें और बीमारियां बताती हैं कि अभी बहुत कुछ किया जाना शेष है। आम लोगों का स्वास्थ्य दुरुस्त रखने का दायित्व सरकार का है। चिंताजनक तथ्य यह है कि लोगों की सेहत से जुड़ा यह प्रकरण एक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचाया। सरकार को ऐसे मामलों में खुद पहल करनी चाहिए। इसके लिए प्रभावी तंत्र बनाना होगा। भारत में अत्यधिक नमक से जुड़ी बीमारियों से हर साल 1.75 लाख मौतों का आंकड़ा है।
