बिलासपुर में हवाई यातायात बढ़ाने के आंदोलन का उल्टा असर, उड़ान बंद
बिलासपुर शहर में हवाई यातायात बढ़ाने के लिए सात साल से आंदोलन कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने हाल ही में उल्टा मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया था। समिति का उद्देश्य अधिकारियों को शहर की हवाई सुविधाओं की ओर मेहरबानी की नजर डालने के लिए प्रेरित करना था, लेकिन इसका उल्टा ही असर देखने को मिला। अधिकारियों ने हवाई सुविधाएं बढ़ाने के बजाय, बिलासपुर-कोलकाता की सीधी उड़ान को ही रद्द करने की घोषणा कर दी है। यह उड़ान विंटर शेड्यूल में शामिल थी और इसका संचालन पिछले रविवार को ही शुरू हुआ था, लेकिन राज्य सरकार के निर्देश पर एलायंस एयर ने इसे तुरंत बंद कर दिया। इस उड़ान के रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पहली उड़ान से 36 यात्री कोलकाता गए थे, जबकि शुक्रवार को होने वाली दूसरी उड़ान के लिए 42 यात्रियों ने अपने टिकट पहले ही बुक करा लिए थे। उड़ान रद्द होने के बाद इन सभी यात्रियों के टिकट कैंसिल कर दिए गए हैं और उनकी राशि वापस कर दी गई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया है और इसे शहर में हवाई सुविधा के विस्तार में बाधा डालने की एक साजिश बताया है। समिति के अनुसार, बिलासपुर में जानबूझकर हवाई सुविधाओं के विस्तार में अड़चनें पैदा की जा रही हैं। गौरतलब है कि करीब दो साल से संचालित बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान को इस साल अप्रैल में अंबिकापुर के रास्ते कर दिया गया था। साथ ही, उड़ान का समय भी सुबह से बदलकर दोपहर कर दिया गया था।
