ठगों ने इंस्टाग्राम और फर्जी वेबसाइटों का इस्तेमाल कर लोगों को बनाया शिकार
ऑनलाइन खरीदारी की दुनिया में भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने लोगों को लुभावने ऑफर्स का लालच देकर ठगी का जाल बिछाया है। साइबर सेल ने त्योहारी सीजन में ऐसे जालसाजों से सावधान रहने की सलाह दी है, ताकि आपका बैंक खाता और आपकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके। एडिशनल डीसीपी साइबर शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, ठग अक्सर जानी-मानी कंपनियों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइटें बनाते हैं। इन पर वे सामानों को बहुत कम कीमत पर, मुफ्त उपहारों या भारी छूट के साथ पेश करते हैं, जिससे लोग आकर्षित होकर भुगतान कर देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। इसी तरह के एक मामले में, स्टेशन बजरिया शंकराचार्य नगर निवासी 49 वर्षीय कृष्ण गोपाल को ठगी का शिकार बनाया गया। एक ठग ने इंस्टाग्राम पर अपना सेलर अकाउंट बनाकर उन्हें कमाई का लालच दिया और मीशो पर अकाउंट बनवाने का झांसा देकर 97,177 रुपए ठग लिए। कृष्ण गोपाल ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को इंस्टाग्राम पर एक मोबाइल नंबर से संपर्क करने पर रवि कुमार सोनी नाम के व्यक्ति ने उन्हें यह भरोसा दिलाया था कि हर एक लाख रुपए के कारोबार पर 20 हजार रुपए कमीशन के रूप में मिलेंगे। इसके बाद, कृष्ण गोपाल ने क्यूआर कोड के माध्यम से आठ बार में कुल 97,177 रुपए जमा कर दिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने यह भी बताया कि ठगी की यह रकम उन्होंने अपनी मां के जेवर गिरवी रखकर जुटाई थी। एक अन्य मामले में, हबीबगंज निवासी 31 वर्षीय जगेश्वर ऑनलाइन खरीदारी के चक्कर में ठगी का शिकार हो गए। उन्होंने एक वेबसाइट से सामान ऑर्डर किया और भुगतान करते ही वह वेबसाइट बंद हो गई। कुछ ही सेकंड में उनके खाते से 31599 हजार रुपए निकल गए। ठग ने भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भेजा था, जिसे स्कैन करते ही जगेश्वर की सारी रकम साफ हो गई।

