मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता और जनसेवा को नई पहचान मिली है। अक्टूबर माह में प्रदेश के भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा और अलीराजपुर जिलों की विभिन्न पुलिस इकाइयों को आईएसओ 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन पुलिस थानों और कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना बागसेवनिया, थाना अशोका गार्डन, थाना कोलार, थाना खजूरी और एडिशनल डीसीपी कार्यालय जोन-3 को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। इन इकाइयों में थानों के जीर्णोद्धार, पुराने अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, पुलिसकर्मियों और आमजन के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण और जनोन्मुखी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। इससे पहले थाना मिसरोद, थाना रातीबड़ और महिला थाना भोपाल को भी यह प्रमाणन मिल चुका है। सिवनी जिले में कोतवाली और महिला थाने को आईएसओ 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इन पुलिस इकाइयों को अपराधों के प्रबंधन और नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनशांति, सुव्यवस्थित मालखाने, आधारभूत सुविधाओं और जनहितकारी पुलिस गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रमाणित किया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना कोतवाली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण और उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया। छिंदवाड़ा जिले की मोहखेड़ थाने की उमरानाला चौकी को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जो इसे जिले की प्रथम और एकमात्र आईएसओ प्रमाणित पुलिस चौकी बनाती है। चौकी को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने और स्थानीय स्तर पर आमजन को बेहतर, सुलभ व गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। अलीराजपुर जिले में थाना उदयगढ़, थाना आजादनगर, थाना चांदपुर, थाना नानपुर, रक्षित केंद्र अलीराजपुर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय अलीराजपुर को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
समाचार
कई जिलों की पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन
28 अक्टूबर 2026 को 10:18 pm बजे
