ग्वालियर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीमों ने चीनोर और हजीरा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध गुड़ लहान और देशी शराब बरामद की गई। पूरी कार्रवाई में जप्त सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹5,50,000 आंका गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर रुचिका चौहान और आबकारी उपायुक्त संभाग संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के निर्देशन में आबकारी दल ने औचक निरीक्षण किया। दल ने चीनोर के करहिया क्षेत्र में दुबहा दुबही, चक कटना, लाल डांडा नाला और आदिवासी दफाई इलाकों की जांच की। ट्रांसपोर्ट नगर तथा हजीरा क्षेत्र के चंदन नगर, बिरला नगर और रमटा पुरा में भी छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान विभागीय टीमों को कई स्थानों पर अवैध सामग्री मिली। दुबहा दुबही कंजर डेरा में प्लास्टिक की टांकियों से लगभग 3500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। चक कटना में सीमेंट के बने हौद से लगभग 700 किलोग्राम गुड़ लहान जप्त कर नष्ट किया गया। लाल डांडा नाला में दो अलग-अलग गड्ढों में छिपाकर रखा गया लगभग 1200 किलोग्राम गुड़ लहान मिला। ट्रांसपोर्ट नगर की एक किराना दुकान से 12 पाव अवैध शराब जप्त की गई। न्यू चंदन नगर में राजू सविता के मकान से 16 पाव शराब मिली। बिरला नगर लाइन नंबर 2 से 15 पाव और रमटा पुरा सेवा नगर में धर्मेंद्र यादव के आधिपत्य से 13 पाव देशी मदिरा प्लेन जप्त की गई। मौके पर गुड़ लहान के नमूने लेकर बाकी सामग्री नष्ट कर दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग ने जप्त सामग्री और आरोपियों की जानकारी की पुष्टि की है। पूरे अभियान में कुल 5,400 किलो गुड़ लहान सहित अवैध सामग्री पर कार्रवाई हुई।
समाचार
ग्वालियर के चीनोर, हजीरा में अवैध गुड़ लहान और शराब जप्त, 9 प्रकरण दर्ज
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
