सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर की संकरी गलियों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम अपनी अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने जा रहा है। नगर निगम इसके तहत छह करोड़ रुपये की लागत से 76 फर्स्ट रिस्पान्डर फायर बाइक खरीदेगा। इन फायर बाइकों की आपूर्ति छह महीने के भीतर की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में समय पर मदद पहुंच सके। इन बाइकों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ये उन स्थानों तक भी पहुंच सकेंगी, जहां बड़ी दमकल गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है। संकरी गलियों में भी ये बाइकें तेजी से पहुंचकर आग की शुरुआती स्थिति पर काबू पाने में मदद करेंगी। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में इनकी तैनाती से दमकल सेवा को अधिक सक्षम बनाया जा सकेगा। हर फायर बाइक में दोनों ओर कम से कम 40 लीटर क्षमता के पानी के टैंक होंगे, जिससे आग बुझाने के लिए पानी उपलब्ध रहेगा। इसके साथ वाटर-मिस्ट तकनीक लगाई जाएगी, जो पानी की महीन बूंदों के जरिए आग की गर्मी तेजी से कम करने में मदद करेगी।
समाचार
76 फायर बाइक खरीदेगा नगर निगम
27 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे
