इन परियोजनाओं से प्रदेश में 70,650 करोड़ रुपए का निवेश संभावित
गांधीसागर में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पांच नए औद्योगिक पार्कों सहित कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं से प्रदेश में 70,650 करोड़ रुपए का निवेश संभावित है। इनसे करीब 3.14 लाख रोजगार के अवसर बनने का दावा किया गया है। मंदसौर में एग्रो और केमिकल पार्क, रतलाम में बायो-फार्मा पार्क और धार में टेक्सटाइल पार्क विकसित करने का फैसला हुआ। मंदसौर के बसई गांव में 178 हेक्टेयर क्षेत्र में एग्रो पार्क बनेगा। इसमें करीब 3,200 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव है। मंदसौर के कुरलासी गांव में 3,500 एकड़ क्षेत्र में केमिकल पार्क बनाया जाएगा। इस परियोजना में करीब 15 हजार करोड़ रुपए का निवेश और लगभग एक लाख रोजगार का अनुमान है। सरकार इसे मालवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मान रही है। रतलाम में 453 हेक्टेयर जमीन पर बायो-फार्मा पार्क विकसित होगा। इसमें करीब 18 हजार करोड़ रुपए का निवेश संभावित है। सरकार के अनुसार इससे लगभग 25 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। धार जिले के भैंसोला गांव में 341.10 हेक्टेयर क्षेत्र में कपड़ा और संबंधित उद्योगों का पार्क बनेगा। इसमें 6,150 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इस परियोजना से करीब 35 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। उज्जैन में नौलखी वन क्षेत्र में 210 हेक्टेयर जमीन पर 855 करोड़ रुपए की लागत से फॉरेस्ट जू और रेस्क्यू सेंटर बनेगा। वहीं 100 एकड़ में 1,507 करोड़ रुपए की लागत से रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क बनाया जाएगा। ओंकारेश्वर में 200 मेगावॉट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और 800 मेगावॉट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली भी बनेगी।

