मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम ने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने गुरुवार को 6 लाख रुपये की अंगीकरण राशि का चेक सौंपा। यह राशि वन्यप्राणी अंगीकरण योजना के तहत दी गई है। चेक प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा तथा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के संचालक विजय कुमार को सौंपा गया। इस अवसर पर अध्यक्ष रावत ने वन विहार के शेष 9 भालुओं को भी गोद लेने की घोषणा की। इसके साथ वन विहार के सभी 15 भालुओं के अंगीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। निगम की सीएसआर निधि से की गई इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल में सहयोग देना है। आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में भी इससे मदद मिलेगी।
समाचार
वन विकास निगम ने वन विहार के 6 भालुओं को एक वर्ष के लिए गोद लिया
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
