नरसिंहपुर जिले में अति उच्च दाब (ईएचटी) ट्रांसमिशन लाइनों के प्रतिबंधित सुरक्षा कॉरिडोर में किए गए 51 निर्माण चिन्हित किए गए हैं। इन निर्माणों को जानलेवा खतरे की जद में रखा गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने विशेष जागरूकता एवं कार्रवाई अभियान शुरू किया है। कंपनी ने इस अभियान को 19 नवंबर, 2026 की स्थिति के आधार पर आगे बढ़ाया है। इसके तहत संबंधित निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में कहा गया है कि ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एमपी ट्रांसको के अनुसार नरसिंहपुर-श्रीनगर, नरसिंहपुर इंटरकनेक्टर, नरसिंहपुर-बरमान और नरसिंहपुर-गाडरवारा 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनों के नीचे और आसपास ये निर्माण किए गए हैं। चिन्हित निर्माणों में यादव कॉलोनी के 15, वर्धमान सिटी के 13, गोकुल नगर के 6 और सिमरिया रोड के 4 निर्माण शामिल हैं। तिदनी रोड के 3 तथा अवंती नगर और झरना रोड के 2-2 निर्माण चिन्हित किए गए हैं। प्रताप नगर, गंगानगर, देवकछार रोड, कुंडी और कोदसा (करेली) में एक-एक निर्माण शामिल है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की गाइडलाइन के अनुसार 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के दोनों ओर कम से कम 27 मीटर का सुरक्षा कॉरिडोर निर्धारित है। 220 केवी लाइन के दोनों ओर यह दूरी 35 मीटर तय की गई है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित है। तेज हवा या अन्य कारणों से तारों के झूलने पर इनके संपर्क में आने या नजदीक पहुंचने से गंभीर विद्युत दुर्घटना हो सकती है। कंपनी के अनुसार इन लाइनों का वोल्टेज घरेलू बिजली की तुलना में लगभग 600 से 950 गुना अधिक होता है। ऐसे में सुरक्षा कॉरिडोर में बने मकान और दुकान वहां रहने और काम करने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। एमपी ट्रांसको ने नागरिकों से निर्धारित सुरक्षा दूरी बनाए रखने की अपील की है।
समाचार
नरसिंहपुर में 51 निर्माण चिन्हित
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
