साइबर ठगी का शिकार हुए उज्जैन के ठेकेदार संजय कलोसिया, एसबीआई अधिकारी बनकर ठग ने यूको बैंक खाते से 49,999 रुपए निकाले, 1930 पर शिकायत के बाद केस दर्ज
उज्जैन में नगर निगम के एक ठेकेदार संजय कलोसिया (45) साइबर ठगी का शिकार हो गए। एक व्यक्ति ने खुद को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताकर फोन किया और कहा कि संजय के खाते से 500 रुपए कटे हैं। ठग ने उन्हें बैंक जाकर खाता चेक करने को कहा, जिसके बाद संजय पहले एसबीआई पहुंचे। वहां उन्हें कोई लेनदेन नहीं मिला। इसके बाद संजय नयापुरा स्थित यूको बैंक पहुंचे। वहां पता चला कि उनके खाते से 49,999 रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है। संजय को इस बड़े लेनदेन का कोई मैसेज भी नहीं मिला था। उन्होंने जब यूको बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो उसमें सिर्फ 48.84 रुपए बचे थे। यह घटना 13 सितंबर की है, जब संजय घर पर थे। तभी एक व्यक्ति ने एसबीआई अधिकारी बनकर उन्हें फोन किया। ठग ने झांसा दिया कि उनके खाते से बड़ी रकम निकाली गई है। धोखेबाज ने संजय को तुरंत बैंक जाकर खाता चेक करने की सलाह दी। संजय ने पहले एसबीआई में संपर्क किया, लेकिन वहां कोई गड़बड़ी नहीं मिली।



