लाचौर गांव में मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में रामद्वार गाथले की इलाज के दौरान मौत
सीहोर जिले की भैरूंदा पुलिस ने हत्या के मामले में 6 आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक अन्य मामले में पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल को आरोपी के कब्जे से जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है
सीहोर जिले की भैरूंदा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में 6 आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मामला तहसील के गांव लाचौर का है, जहाँ मामूली विवाद के चलते आरोपियों ने घर में घुसकर रामद्वार गाथले के साथ मारपीट की थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए भैरुंदा थाने में पहले विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन रामद्वार गाथले की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा का इजाफा कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में भैरुंदा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दुर्गेश उर्फ बुलका, राहुल सिवरा, संतू उर्फ संतोष गाथले, चिंटू बेलदार, बलराम गाथले, सिंदेश उर्फ रितेश सभी निवासी लाचौर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें उपजेल भैरुंदा दाखिल कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम करीब 6.50 बजे फरियादी कंचन गाथले अपने पिता रामद्वार गाथले, माता सीता बाई और भाई अरुण गाथले के साथ घर पर मौजूद थी। पिता रामद्वार खाना खा रहे थे और बाकी लोग बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही संतू गाथले, बलराम, सिंदेश, दुर्गेश, चीन्टू बेलदार और राहुल सिवरा लाठी-डंडे लेकर जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने गालियां देना शुरू कर दिया। जब रामद्वार गाथले ने उन्हें मना किया तो उन्होंने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए सीता बाई, अरुण और कंचन को भी चोटें आईं। मारपीट में रामद्वार गाथले को गंभीर चोटें आईं। नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान गंभीर चोटों के चलते रामद्वार गाथले की मौत हो गई। भैरुंदा पुलिस ने एक अन्य चोरी के मामले में भी आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल जब्त की है। फरियादी राकेश कहार निवासी ग्राम गिल्लौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अक्टूबर 2026 को रात करीब 11.30 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी।
