राज फैमिली ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रक पलट गया। ढाबा संचालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए और चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है
नेशनल हाईवे-45 पर गुरुवार तड़के एक बेकाबू ट्रक ने भीषण तबाही मचा दी। मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे स्थित राज फैमिली ढाबे के पास खड़े वाहनों से टकराते हुए आगे बढ़ा। ट्रक ने वहां मौजूद कई वाहनों को रौंद दिया और लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ढाबा संचालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। ट्रक की चपेट में वे लोग भी आ गए, जो ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे। जानकारी के अनुसार बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहा मक्का से भरा ट्रक खैरी बंधा के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। ट्रक राज फैमिली ढाबे के बाहर खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप सहित अन्य वाहनों को टक्कर मारता चला गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग संभलने तक का मौका नहीं पा सके। 3 परिवारों में मातम पसर गया है। दुर्घटना में मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी की मौत हो गई। बताया गया है कि मोनू और बलराम शराब दुकान में कर्मचारी थे। धर्मेंद्र ढाबे में काम करता था। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से उनके परिवारों में शोक छा गया। ढाबा संचालक राजा साहू और सोनू घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ढाबा संचालक की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है। इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद हाईवे किनारे क्षतिग्रस्त वाहन और पलटा हुआ ट्रक दूर से ही दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हाईवे पर मक्का से लदे ट्रक की रफ्तार और उसके नियंत्रण पर सवाल उठ रहे हैं।

