बैतूल में 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को बांटे 30 करोड़ से अधिक बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल जिले को 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 'सच्चा वादा-पक्का काम' के सूत्रवाक्य के साथ प्रदेश में विकास और जनहितैषी कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और नारियों के कल्याण के लिए अनेक कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हाल ही में किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि मिली है, और प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली व सिंचाई की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल में आयोजित एक कार्यक्रम में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित की। यह राशि दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल में तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बैतूल जिला अपनी अद्भुत वन संपदा और नैसर्गिक सौंदर्य के लिए अतुलनीय है। उन्होंने इस जिले के समग्र विकास को गति देने के लिए 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उल्लेख करते हुए बताया कि बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है। राज्य सरकार मेधावी योजना के तहत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले बच्चों को 25 हजार रुपये का लैपटॉप और कक्षा 12वीं के टॉपर्स को स्कूटी प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए किताबें, साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति के माध्यम से मदद की जा रही है। प्रदेशभर में उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि वे नौकरी मांगने की बजाय रोजगार देने वाले बनें।
