गन्ने की मिठास अब किसानों की मेहनत को भी देगी नई मिठास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष 2026 के जरिए खेती को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का फोकस गन्ना उत्पादकों को बेहतर दाम दिलाने, कृषि यंत्रीकरण पर अनुदान देने और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर है। इसके साथ खाद, बिजली, सिंचाई और आर्थिक सहायता जैसी खेती की बुनियादी जरूरतों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकार वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है, जिसका उद्देश्य किसानों को हर चरण में जरूरी सुविधाएं देना है। वर्तमान पेराई सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के निजी शक्कर कारखानों ने गन्ने की खरीद दर ₹440 से ₹455 प्रति क्विंटल तक घोषित की है। यह दर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित ₹365 प्रति क्विंटल की उचित एवं लाभकारी कीमत (FRP) से अधिक है। उत्तर प्रदेश में ₹400 और महाराष्ट्र में ₹320 प्रति क्विंटल की तुलना में मध्य प्रदेश की घोषित दरें बेहतर हैं। गन्ना किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ प्रदेश में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने पर भी काम हो रहा है। बोहानी स्थित गन्ना अनुसंधान केंद्र के लिए ₹1.42 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। गन्ना कटाई में मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए पांच हाईटेक हब स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत अधिकतम ₹1.70 करोड़ की परियोजना लागत पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा, यानी अधिकतम ₹52 लाख की सहायता का प्रावधान है। इससे गन्ने की समय पर कटाई और खेती के कामों में दक्षता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। खाद वितरण को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए लागू ई-विकास प्रणाली के जरिए 1 अप्रैल 2026 से अब तक 48.34 लाख किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, इस व्यवस्था से 3.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और ₹764.65 करोड़ के अनुदान की बचत का उल्लेख है। बिजली बिल में राहत के लिए ₹20,485 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के तहत वर्ष 2026-27 में ₹3,000 करोड़ की लागत से एक लाख सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

