शाजापुर के गिरवर में सबसे कम 7.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, भोपाल 9 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा
मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अकवान और पहाड़ों पर बर्फबारी का असर दिखने लगा है। मंडला में शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद नेशनल हाईवे-43 मोर्चा फाटक के पास दलदल में बदल गया। इससे हाईवे के दोनों ओर करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यह जाम इस मार्ग पर सबसे बड़ी परेशानी बनकर सामने आया। शनिवार सुबह भोपाल, शहडोल और डिंडौरी में बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के 7 जिलों में हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में ठंड भी बढ़ गई है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरा है। शाजापुर के गिरवर में सबसे कम 7.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल 9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान के असर से गुरुवार से प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। शनिवार और रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। हालांकि, तूफान कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। मौसम साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के आसार हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ी है। कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर और रायसेन में शीतलहर चली। शनिवार को राजगढ़ और शाजापुर में भी शीतलहर का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड बढ़ने लगती है। ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से तापमान में ज्यादा गिरावट आती है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में पारा 2.3 डिग्री दर्ज किया गया था। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश का ट्रेंड भी रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में बारिश का अलर्ट जारी हुआ था। तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम सिस्टम सक्रिय होने से बारिश की संभावना बनी रह सकती है। अब नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम जानिए। भोपाल में 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी है। नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है।

