विकास में नहीं होगी कमी
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-60 में 42 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जनता की सेवा के माध्यम से मिले दायित्व का ऋण उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है। कार्यक्रम में वल्लभ नगर से सौम्या विहार तक 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कांक्रीट सड़क का शिलान्यास किया गया। इस सड़क के बनने से क्षेत्रीय निवासियों को आवागमन में काफी सुगमता मिलेगी। राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही दीपनगर पार्क परिसर में नागरिकों की सुविधा और पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भी भूमि-पूजन संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जन-आकांक्षाओं के अनुरूप विकास को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखती, बल्कि प्रत्येक स्वीकृत योजना धरातल पर साकार होती दिख रही है।

