उज्जैन में मां गजलक्ष्मी मंदिर ₹40 लाख के नोटों से सजाया गया
उज्जैन के नई पेठ स्थित प्राचीन मां गजलक्ष्मी मंदिर को धनतेरस के अवसर पर ₹40 लाख के नोटों से सजाया गया। शुक्रवार को सुबह पंचामृत अभिषेक के दौरान मां गजलक्ष्मी को 501 लीटर दूध से स्नान कराया गया। मंदिर के पुजारी अवधेश शर्मा के अनुसार, यह मंदिर करीब 2 हजार साल पुराना है और सम्राट विक्रमादित्य के समय का माना जाता है। धनतेरस पर भक्तों ने दूध और कमल के फूल मां लक्ष्मी को अर्पित किए। इस दौरान विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। मंदिर की ओर से भक्तों को कौड़ी और पीले चावल बांटे गए, जिन्हें घर में रखने से सुख-समृद्धि आने की मान्यता है। मंदिर के प्रवेश द्वार को आकर्षक लाइटिंग से संवारा गया है। धनतेरस से लेकर दीपावली के पड़वा तक मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। पूरे गर्भगृह और परिसर को ₹40 लाख के नोटों से सजाने के लिए मंदिर से जुड़े करीब 100 लोगों ने मिलकर नोटों को एकत्रित किया था। सजावट में 500, 200 और 100 रुपए के नोटों का इस्तेमाल किया गया। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष गार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, मंदिर परिसर में 6 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जा सके।
