करीब 710 करोड़ की लागत से तैयार इस हिस्से से यात्रियों को राहत मिलेगी
मध्य प्रदेश में सागर से भोपाल, छतरपुर और खजुराहो तक जाने वाले कॉरिडोर पर मोहारी से सतई घाट के बीच 39.57 किमी लंबी सड़क को फोरलेन कर दिया गया है। करीब 710 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस हिस्से के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले इस पहाड़ी और घाटी वाले रास्ते को पार करने में डेढ़ से दो घंटे लगते थे। अब यह सफर करीब 40 मिनट में पूरा हो सकेगा, जिससे वाहन चालकों के करीब 80 मिनट बचेंगे। इस बुंदेलखंड के पहाड़ी रास्ते पर पहले सफर करना आसान नहीं था। सड़क संकरी थी और कई जगह तीखे मोड़ तथा एस-बेंड बने थे। पहाड़ी ढलानों के कारण सामने से आने वाले वाहन भी देर से दिखाई देते थे। ऐसे में भारी वाहनों को निकलने में परेशानी होती थी और कई बार लंबा जाम भी लगता था। फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क का अलाइनमेंट सुधारा गया। पहाड़ियों की कटिंग की गई और घाटी वाले हिस्सों में भराव कर रास्ते को चौड़ा और सुगम बनाया गया है। सड़क निर्माण में वन्यजीवों की आवाजाही का ध्यान रखा गया है। इसके लिए 7 एनिमल अंडरपास भी बनाए गए हैं। मोहारी-सतई घाट-कबरई मार्ग इस कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तैयार होने से मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का उत्तर प्रदेश के महोबा, बांदा और कानपुर से सड़क संपर्क बेहतर होगा। कॉरिडोर पर चलने वाले यात्रियों के साथ मालवाहक वाहनों को भी इसका फायदा मिलेगा। स्थानीय यातायात को मुख्य हाईवे के ट्रैफिक से अलग रखने में भी मदद मिलेगी। यातायात को सुगम बनाने के लिए 39.57 किमी सर्विस रोड और स्लिप रोड बनाई गई हैं। हीरापुर बायपास के साथ एक ट्रक ले-बाय, 19 बस शेल्टर और 22 जंक्शन भी विकसित किए गए हैं। सड़क पर 61 पुलिया, 10 छोटे पुल और 3 बड़े पुल बनाए गए हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए 8 व्हीकुलर अंडरपास, 5 हल्के वाहनों के अंडरपास और एक ओवरपास तैयार किया गया है। पहाड़ी ढलानों से पत्थर और मिट्टी खिसकने की आशंका कम करने के लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन किया गया है। इसमें गैबियन वॉल, जियोग्रिड और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था शामिल है। इससे बारिश के दौरान मिट्टी के कटाव और भूस्खलन का खतरा कम करने में मदद मिलेगी। मोहारी-सतई घाट के अलावा सागर से भोपाल, छतरपुर और खजुराहो होते हुए कॉरिडोर के दूसरे हिस्सों में भी निर्माण चल रहा है। सागर से विदिशा, सागर, छतरपुर होते हुए उत्तर प्रदेश सीमा तक अलग-अलग पैकेज में सड़क विकसित की जा रही है। कुछ हिस्से पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी पर निर्माण जारी है। कुछ हिस्सों में काम 90 प्रतिशत से ज्यादा, कुछ में 60 से 70 प्रतिशत और कुछ में 30 से 40 प्रतिशत के बीच पूरा हुआ है। पूरे कॉरिडोर के विकसित होने के बाद सागर से भोपाल की यात्रा में अभी लगने वाले 12 से 13 घंटे घटकर 7 से 8 घंटे रह जाने का अनुमान है। सागर से खजुराहो का सफर 4 से साढ़े 4 घंटे के बजाय 2 से ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा।

