सहकारी सोसायटी निपानिया गोयल और सीसीबी घट्टिया के प्रबंधक की मिलीभगत से उज्जैन में 1221 किसानों के साथ 4.67 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सहकारी संस्था निपानिया गोयल के प्रबंधक, प्रशासक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा घट्टिया के प्रबंधक ने मिलकर किसानों के नाम से फर्जी खाते खोले। आरोप है कि किसानों को बताए बिना उनके नाम से फर्जी लोन निकाल लिया गया। इस वजह से सभी किसान बैंक रिकॉर्ड में डिफाल्टर हो गए। यह खेल 3 साल तक चला। वर्ष 2019 से 2022 तक हुए इस फर्जीवाड़े में सहकारी संस्था निपानिया के प्रबंधक सुमेरसिंह सिसौदिया की भूमिका बताई गई है। प्रशासक चंद्रेश जोशी, सीसीबी शाखा घट्टिया के प्रबंधक शिव हरदेनिया और बैंक प्रबंधक महेशचंद्र राठौर का नाम भी सामने आया है। इनमें से अब केवल शाखा प्रबंधक राठौर जीवित हैं। बाकी तीनों की मृत्यु हो चुकी है। मामला सामने आने के बाद विभाग ने राठौर को बर्खास्त कर विभागीय जांच बैठाई है। सोसायटी और बैंक प्रबंधकों की गड़बड़ी उजागर होने के बाद भी क्षेत्र के किसान परेशान हैं। जिन 1221 किसानों के नाम से फर्जी लोन निकाला गया, उनमें से अधिकांश ने सोसायटी से कभी लोन लिया ही नहीं था। अफसरों ने इन किसानों के नाम से 4 करोड़ 67 लाख 48 हजार 187 रुपए का गबन किया। इन्हें अब डिफाल्टर घोषित कर दिया गया है। इसका सीधा असर यह हुआ कि किसानों को सोसायटी से केसीसी ऋण और क्रेडिट पर खाद-बीज मिलना बंद हो गया। मामला उजागर होने तक चार में से 3 आरोपियों की मौत हो चुकी थी। निपानिया गोयल के अलावा उज्जैन जिले की सहकारी सोसायटी लेकोड़ा, जैथल, अंबोदिया और झीतरखेड़ी में भी घोटाले के मामले सामने आ चुके हैं। इन सभी मामलों में अब तक केवल विभागीय स्तर पर एफआईआर और वसूली की कार्रवाई की गई थी। निपानिया गोयल सोसायटी का मामला भी पहले इसी तरह दबाने की तैयारी में बताया गया था। लेकिन ईओडब्ल्यू की जांच के बाद अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। सोसायटी और सहकारी बैंक अफसरों की गड़बड़ी का खामियाजा इनसे जुड़े किसानों को उठाना पड़ रहा है। किसानों का क्रेडिट जबरन खराब कर दिया गया। उन्हें सोसायटी और बैंक से लोन देने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने पर ईओडब्ल्यू को शिकायत दी गई। शिकायत के बाद जांच शुरू हुई और 4.67 करोड़ रुपए का बड़ा घोटाला सामने आया। ईओडब्ल्यू के जांच अधिकारी रामनिवास यादव ने बताया कि 1221 किसानों में से ज्यादातर ने सोसायटी से लोन लिया ही नहीं था। इन किसानों के नाम से सोसायटी प्रबंधक ने रबी और खरीफ सीजन के अलग-अलग ऋण खाते खोलकर राशि निकाली। बैंक शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से सोसायटी की क्रेडिट लिमिट भी बढ़ा दी गई। इससे सोसायटी के खाते में ज्यादा रुपए जमा किए जा सकें। सहकारी सोसायटी निपानिया गोयल और सीसीबी घट्टिया की मिलीभगत की जानकारी विभाग को करीब दो साल पहले ही लग गई थी। लेकिन न सहकारिता विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और न ही सीसीबी बैंक अफसरों ने कोई कार्रवाई की। इसके बाद कुछ किसानों ने गोपनीय रूप से ईओडब्ल्यू में शिकायत की। जांच शुरू होते ही घोटाले की परतें खुलने लगीं। जांच की आंच से बचने के लिए सीसीबी घट्टिया और सहकारिता विभाग ने ताबड़तोड़ अपने स्तर पर कागजी कार्रवाई कर दी। आरोपियों ने पहले किसानों के नाम से लोन के फर्जी खाते खोले। फिर ऋण राशि किसानों के केसीसी खाते के बजाय बचत खाते में चढ़ाई गई। इससे केसीसी में ऋण राशि शून्य दिखाई देती थी और किसानों को पता ही नहीं चलता था। आरोपी ऑडिट के समय फर्जी लोन की राशि संस्था के क्रेडिट खाते से समायोजित कर देते थे। जिन किसानों ने खुद केसीसी ऋण लिया था, उनकी चुकाई गई राशि भी बैंक रिकॉर्ड में जमा करने के बजाय अधिकारियों ने अपनी जेब में रख ली। विभाग ने तत्कालीन बैंक प्रबंधक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
समाचार
फर्जी खातों से किसानों के नाम पर 4.67 करोड़ रुपए का गबन
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे

फर्जी खातों से किसानों के नाम पर 4.67 करोड़ रुपए का गबन
