सुप्रीम कोर्ट की समयसीमा 31 अगस्त 2028 तक टीईटी पास करना जरूरी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद मध्य प्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों में से केवल 34 हजार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए आवेदन किया है। यह स्थिति तब है जब सुप्रीम कोर्ट ने 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों की सेवा पर संकट की बात कही है। ऐसे में करीब 1.16 लाख शिक्षक आवेदन नहीं कर पाए हैं, जिनके सामने नौकरी का संकट खड़ा हो सकता है। शिक्षकों की मांग पर परीक्षा का तरीका भी बदला गया। पहले ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी थी, लेकिन विरोध के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल को ऑफलाइन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। आवेदन की तारीखें बढ़ाई गईं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों ने परीक्षा के लिए आवेदन नहीं किया। बोर्ड दिसंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनमें प्रत्येक के चार विकल्प होंगे। प्रश्नपत्र हल करने के लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा। शिक्षकों को दूर न जाना पड़े, इसके लिए ब्लॉक स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी है।

