भोपाल में क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर जोन-1 में कार्रवाई करते हुए 3.10 ग्राम एमडी के साथ 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी एलआईसी ऑफिस के सामने स्थित शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान में ग्राहक का इंतजार कर रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसकी जींस की जेब से पारदर्शी पन्नी में रखा सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। जांच में यह पदार्थ एमडी निकला। एमडी मेफेड्रोन नाम का एक सिंथेटिक ड्रग होता है, जिसे नशे के कारोबार में बेचा जाता है। कार्रवाई गुरुवार रात की गई थी। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोनिस कुरैशी पिता मुजीब कुरैशी के रूप में हुई है। वह जहांगीराबाद के जिंसी चौराहा का निवासी है और उसकी उम्र 26 साल है। आरोपी दसवीं तक पढ़ा है। पूछताछ में सामने आया कि वह उज्जैन से एमडी लेकर भोपाल आता था। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट की जांच कर रही है। इसके जरिए ड्रग्स सप्लाई करने वाले और खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को मामले में अन्य लोगों की तलाश है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था। वह भोपाल में किन लोगों को एमडी सप्लाई करता था, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
समाचार
भोपाल में 3.10 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार
27 नवंबर 2026 को 10:56 pm बजे

भोपाल में 3.10 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
