भोपाल में समाजवादी पार्टी गुरुवार को 27% ओबीसी आरक्षण के समर्थन में प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपकर ओबीसी को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण देने और इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग करेंगे। सपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने भाजपा पर पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़ों के सहारे सत्ता में आती है, लेकिन उन्हें उनका अधिकार नहीं देती। मध्य प्रदेश में भाजपा लंबे समय से सत्ता में है। उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के बाद अब मोहन यादव मुख्यमंत्री हैं, लेकिन ओबीसी आरक्षण का मुद्दा अब भी अनसुलझा है। वादों के बावजूद पिछड़ा वर्ग को उसका हक नहीं मिला है। यादव ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव ने ओबीसी को 27% आरक्षण दिलाने के बड़े-बड़े वादे किए थे। यहां तक कहा गया था कि कोई माई का लाल आरक्षण नहीं रोक सकता, लेकिन जमीनी स्तर पर पिछड़ा वर्ग को उसका हक नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा घोषणाएं करती है, लेकिन सामाजिक न्याय के सवाल पर पीछे हट जाती है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने राममनोहर लोहिया के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि 'जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी भागीदारी' होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में ओबीसी की आबादी 52% से अधिक है, इसलिए आरक्षण भी आबादी के अनुपात में मिलना चाहिए। ईडब्ल्यूएस के तहत सवर्ण वर्ग को 10% आरक्षण दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग सामाजिक न्याय में विश्वास करता है और अपने अधिकारों की मांग कर रहा है। यादव ने मांग की कि मध्य प्रदेश सरकार ओबीसी आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद हैं। ऐसे में राज्य और केंद्र सरकार को आरक्षण के मुद्दे पर ठोस पहल करनी चाहिए।
समाचार
भोपाल में सपा का 27% ओबीसी आरक्षण पर प्रदर्शन कल
14 अक्टूबर 2026 को 11:19 pm बजे

भोपाल में सपा का 27% ओबीसी आरक्षण पर प्रदर्शन कल
