खराब हुए मोबाइल और राउटर
उज्जैन के विद्योत्तमा छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ शनिवार दोपहर करीब 3 बजे छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने छात्रावास में 26 घंटे बिजली गुल रहने, पानी की समस्या, मेस में खराब खाना, सफाई की बदहाली और सुरक्षा गार्डों के आपत्तिजनक व्यवहार पर गहरी नाराजगी जताई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया। छात्रा आशु नरेश ने आरोप लगाया कि छात्रावास में करीब 26 घंटे तक बिजली बाधित रही, जिससे पानी की सप्लाई, वाटर कूलर और अन्य सुविधाएं भी ठप हो गईं। लो-वोल्टेज और बिजली की गड़बड़ी के कारण 12 चार्जर, 2 वाई-फाई राउटर और कम से कम एक मोबाइल खराब हो गया। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने वार्डन से लेकर कुलपति तक को समस्या की जानकारी दी, लेकिन समय पर समाधान नहीं हुआ। छात्राओं ने मेस के खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए प्रदर्शन के दौरान कच्ची, जली हुई और सूखी रोटियां दिखाईं। उनका कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और उन्हें मजबूरी में ऐसा खाना पड़ता है। पहले बाहर से खाना मंगाने की अनुमति नहीं थी, लेकिन बाद में वार्डन को लिखित आवेदन देने पर टिफिन या फूड पार्सल मंगाने की छूट दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आशु नरेश ने आरोप लगाए कि सुरक्षा गार्ड छात्राओं के साथ लगातार बदसलूकी करते हैं। शुक्रवार रात भी कथित तौर पर गार्ड के व्यवहार से परेशान होकर छात्राओं ने डायल-112 पर कॉल किया था, जिसके बाद पुलिस छात्रावास पहुंची थी।
