भोपाल में गरबा: 25 किलो साफा और मोर पंख ड्रेस का जलवा
भोपाल में अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के दूसरे दिन मां शक्ति की आराधना के बाद महादेव की स्तुति के साथ गरबा शुरू हुआ। भेल दशहरा मैदान पर 5 दिवसीय इस आयोजन का बुधवार को दूसरा दिन था। प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों और अनूठे अंदाज़ से लोगों का ध्यान खींचा। कोई सिर पर 25 किलो का साफा सजाकर पहुंचा, तो कोई मोर पंख थीम की ड्रेस में नज़र आई। भगवान कृष्ण और देवी के कलश की थीम पर तैयार पोशाकें भी आकर्षण का केंद्र रहीं। अश्विन दुबे डिजिटल चश्मा पहनकर पंडाल में पहुंचे, जो आकर्षण का केंद्र रहा। अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत मां शक्ति की आरती से हुई, जिसमें सभी गरबा प्रतिभागियों ने भाग लिया। 08:37 बजे अश्विन दुबे एक खास अंदाज की ड्रेस और डिजिटल ग्लासेस के साथ पंडाल में पहुंचे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, 08:32 बजे प्रतिभागी विहाग अपने साथी के साथ पारंपरिक पोशाक में नज़र आए। उनकी पोशाक भगवान कृष्ण और देवी जी के कलश का प्रतिनिधित्व करती थी। विहाग ने बताया कि इस थीम आधारित ड्रेस को तैयार करने में उन्हें 2 महीने का समय लगा और वे पिछले 4 वर्षों से गरबा में शामिल हो रहे हैं।

