भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत ने अवैध बिजली कनेक्शन के मामले में 23 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दो तत्कालीन अधिकारियों को दोषी ठहराया है। अदालत ने दोनों को चार-चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने पूर्व सहायक यंत्री रोहित सेंगर और पूर्व कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार पर 24-24 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। फैसला सुनाए जाने के तुरंत बाद अदालत ने दोनों दोषियों की जमानत निरस्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया। अदालत ने दोनों दोषियों को ग्वालियर केंद्रीय जेल भेज दिया है। यह मामला वर्ष 2018 का है। मामले की सुनवाई में शिकायतकर्ता अपने बयानों से मुकर गए थे। इसके बावजूद अदालत ने डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों अधिकारियों को सजा सुनाई। अदालत के सामने सभी साक्ष्यों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया। मामले के विवरण के अनुसार ग्वालियर के गेंडे वाली सड़क स्थित न्यू शांति नगर निवासी योगेंद्र साहू के मकान की ऊपरी मंजिल पर जनवरी 2018 के शुरुआती दिनों में निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान मजदूरों ने रोशनी के लिए पास के बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर अवैध बिजली कनेक्शन ले लिया था। लक्ष्मीगंज जोन की जांच टीम ने मौके पर निरीक्षण कर इस अवैध कनेक्शन को पकड़ा। टीम ने कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इसके अगले दिन योगेंद्र साहू मामले के सिलसिले में लक्ष्मीगंज स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहां तत्कालीन सहायक यंत्री रोहित सेंगर और कनिष्ठ यंत्री अनूप कुमार ने उन्हें डराया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी का मामला दर्ज होने पर सालाना 60 हजार से 65 हजार रुपये तक का भारी बिल भरना पड़ सकता है। अधिकारियों ने मामला रफा-दफा करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर योगेंद्र साहू ने 5 जनवरी, 2018 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने शिकायतकर्ता को वॉयस रिकॉर्डिंग उपकरण देकर बिजली कार्यालय भेजा। वहां बातचीत और मोलभाव के बाद रिश्वत की अंतिम राशि 23 हजार रुपये तय हुई। अगले दिन 6 जनवरी 2018 को लोकायुक्त की टीम ने बिजली कार्यालय में सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने सहायक यंत्री रोहित सेंगर के इशारे पर कार्यालय की खाली मेज की ऊपरी दराज में 23 हजार रुपये की रिश्वत राशि रखी।
समाचार
बिजली कंपनी के दो अधिकारियों को 23 हजार रिश्वत मामले में चार साल की सजा
27 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे

बिजली कंपनी के दो अधिकारियों को 23 हजार रिश्वत मामले में चार साल की सजा
