सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सान्निध्य में होगा आयोजन
संत निरंकारी मिशन का 79वां वार्षिक संत समागम 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर, 2026 तक समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित होने जा रहा है। यह समागम सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानव एकता की दिव्य भावना का संदेश देगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से की जा रही हैं, जिसमें निर्माण कार्य में सहयोग, शामियानों की सजावट, स्वच्छता, जल व्यवस्था और भोजन सेवा का प्रबंधन शामिल है। इस वार्षिक समागम की भव्यता को दर्शाने वाला मुख्य प्रवेश-द्वार भी आकार ले रहा है। यह द्वार प्रेम, समरसता और आत्मिक एकत्व की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक बनेगा और आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करेगा। समागम में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि सतगुरु के प्रति प्रेम और कृतज्ञता को अभिव्यक्त करने का एक माध्यम है। विभिन्न संस्कृतियों और परिवेशों से आए श्रद्धालु यहाँ 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना को साकार करते हुए सतगुरु की अमृतवाणी से अपने अंतर्मन को आलोकित करेंगे। हर आयु, वर्ग और पृष्ठभूमि की सीमाओं से परे, श्रद्धालु भक्त तन-मन से सेवा में तल्लीन हैं। यह आयोजन केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि मानवता, समरसता और एकत्व का एक अनुपम पर्व है। यह आयोजन जीवन को सही अर्थों में सार्थक बनाने की प्रेरणा देता है।

